बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिलासपुर शहर व जिले को 119.11 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों की सौगात देंगे। लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में 89.30 करोड़ रुपए के 7 कार्यों का भूमिपूजन और 29.79 करोड़ रुपए के 9 कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। इस पूरे दौरे का सबसे अहम प्रोजेक्ट शहर के पुराने बस स्टैंड पर 12.60 करोड़ रुपए की लागत से बनी अत्याधुनिक ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग (AMLCP) है। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे, जबकि डिप्टी सीएम अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

मल्टीलेवल पार्किंग और डाटा सेंटर से ट्रैफिक जाम की समस्या होगी खत्म

शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में वाहन पार्किंग को लेकर लंबे समय से स्थिति खराब रही है। पुराने बस स्टैंड पर तैयार ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग के शुरू होने से लोगों को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। इस प्रोजेक्ट पर 12.60 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसके साथ ही एक नए डाटा सेंटर का भी लोकार्पण होगा। प्रशासन का दावा है कि इस सुविधा के शुरू होने से व्यापारिक इलाकों में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी तौर पर मुक्ति मिल जाएगी।

55 करोड़ से बनेगा मल्हार-चिल्हाटी मार्ग, गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

मुख्यमंत्री के दौरे में ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर सबसे ज्यादा फोकस है। जिन 89.30 करोड़ रुपए के नए प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन होना है, उनमें मुख्य रूप से सड़कों और पुलों का निर्माण शामिल है। मल्हार से चिल्हाटी तक 25 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण 55.43 करोड़ रुपए की लागत से होगा। खम्हरिया-सोठी-नवापारा मार्ग के बनने से दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी सीधे शहर से जुड़ेगी। इसके अलावा बेलगहना-कोनचरा और खोंगसरा मार्ग पर डोंगा नाला के ऊपर उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा, ताकि बारिश के दिनों में गांवों का संपर्क न टूटे।

राजस्व प्रकरणों के लिए तीन नए तहसील कार्यालय, छात्रों को हॉस्टल की सुविधा

प्रशासनिक विकेंद्रीकरण के तहत बोदरी, बेलतरा और सीपत में नए तहसील कार्यालयों का शुभारंभ किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए बिलासपुर शहर तक नहीं भटकना पड़ेगा। शैक्षणिक बुनियादी ढांचे में भी विस्तार करते हुए कोटा के खोंगसरा स्कूल में 50 सीटर बालिका छात्रावास और तखतपुर कॉलेज में अतिरिक्त भवनों के निर्माण को प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है।

■ प्रोजेक्ट्स की स्थिति एक नजर में

  •  कुल विकास कार्य: 16
  •  कुल स्वीकृत लागत: 119.11 करोड़ रुपए
  •  भूमिपूजन (नए काम): 7 कार्य (लागत 89.30 करोड़ रुपए)
  •   लोकार्पण (पूरे हो चुके काम): 9 कार्य (लागत 29.79 करोड़ रुपए)

■ सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  •   सुबह 11:45 बजे: कुनकुरी से ओपन यूनिवर्सिटी हेलीपैड पहुंचेंगे। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण व संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे।
  •  दोपहर 1:40 बजे: सेंदरी धान उपार्जन केंद्र और सीबीसी प्लांट का औचक निरीक्षण।
  •  दोपहर 2:20 बजे: लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शिरकत।
  •  दोपहर 3:30 बजे: पुराने बस स्टैंड पर मल्टीलेवल पार्किंग व डाटा सेंटर का लोकार्पण।

 शाम 4:15 बजे: हेलीपैड से रायपुर के लिए वापसी (तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम इस दौरे में कोंडागांव नहीं जाएंगे)।

धान खरीदी केंद्र के औचक निरीक्षण पर रहेगी नजर

तय शेड्यूल के मुताबिक सीएम दोपहर 1:40 बजे सेंदरी धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण करेंगे। प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री का बिलासपुर में यह पहला जमीनी मुआयना है। इसे लेकर जिला और खाद्य विभाग का प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। माना जा रहा है कि इस दौरान धान के उठाव, बारदाने की उपलब्धता, टोकन व्यवस्था और किसानों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री मौके पर ही अधिकारियों से जवाब-तलब कर सकते हैं।