
दुर्ग।जेल के भीतर की व्यवस्थाओं का आलम भी गजब है। अंदर मोबाइल बंदी के पास से मिलता है, और गायब जेल प्रहरी हो जाता है। दुर्ग में जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा के अचानक लापता होने से पुलिस और जेल महकमे में हड़कंप का माहौल है। गायब होने से ठीक पहले महेंद्र ने अपने भांजे को एक वीडियो मैसेज भेजा है जिस वीडियो में उसने बताया कि उसकी स्कूटी की डिक्की में एक चिट्ठी रखी है। घबराए परिजनों ने जब स्कूटी की डिक्की खोलकर देखी, तो वहां से 8 पन्नों की चिट्ठी बरामद हुई। चिट्ठी सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
कलेक्टर और एसपी के नाम लिखी चिट्ठी
वीडियो और डिक्की से निकले 8 पन्नों के पत्र ने कई परतों को खोल कर रख दिया है। कलेक्टर और एसपी के नाम लिखें इस पत्र में प्रहरी ने जेल के बड़े अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। पत्र में दुर्ग जेल अधीक्षक मनीष संभाकर का नाम होने की बात सामने आई है।
मोबाइल कांड, प्रताड़ना का आरोप
जेल प्रहरी ऐसा क्यों क्यों करना पड़ा? पत्र में इस पूरी स्क्रिप्ट लिखी है। महेंद्र वर्मा ने चिट्ठी में लिखा है कि जेल के अंदर एक बंदी से मोबाइल मिला था। आरोप है कि इस मोबाइल कांड के लिए बिना वजह उस पर आरोप लगाए जा रहे थे। इसी दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
12 अगस्त को हुई तलाशी सीसीटीवी फुटेज की भी जांच...
चिट्ठी में 12 अगस्त के दिन हुई घटना का उल्लेख है। महेंद्र का आरोप लगाया है कि तलाशी के नाम पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। प्रहरी ने पुलिस से मांग की है कि घटना की असलियत को सामने लाने के लिए जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सुरक्षित रखे जाएं और उसकी बारीकी से जांच हो।
परिवार की सुरक्षा की चिंता
8 पन्नों के इस पत्र में महेंद्र ने अपने परिवार, बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा को लेकर काफी भावुक बातें लिखी हैं। इन बातों और वीडियो को देखकर परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई है। उन्होंने बिना देरी किए थाने का रुख किया और महेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
पुलिस जांच में जुटी, सुराग अब भी नहीं
थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने लापता प्रहरी महेंद्र वर्मा की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही, वीडियो और पत्र में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनकी भी तस्दीक की जा रही है।