
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कुम्हारी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
रायपुर जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल पांच लोग एक ही स्कूटी पर सवार होकर रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। कुम्हारी के समीप पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) के पिछले हिस्से से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
चार लोगों की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7 वर्ष) और डाली (4 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, चालक से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या सड़क सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक संकेतक लगाए गए थे।
हादसे की वजह की जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। हालांकि यह भी जांच का विषय है कि ट्रैक्टर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप खड़ा था या नहीं, और दुर्घटना में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।