रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म रिलीज के 24वें दिन दुनियाभर में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस मामले में रामायण ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ दिया है। अब दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने के लिए इसके सामने आमिर खान की 'दंगल' का रिकॉर्ड है।

1,814 करोड़ के पार पहुंची रामायण की कमाई

सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म 'रामायण' ने रिलीज के 24वें दिन तक दुनियाभर में 1,814.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही फिल्म ने 'धुरंधर 2' के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया है।

इस उपलब्धि के साथ रामायण दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस सूची में पहले नंबर पर आमिर खान की फिल्म 'दंगल' है, जिसने दुनियाभर में 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

अब रामायण को दंगल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए करीब 255.75 करोड़ रुपये और कमाने होंगे। अगर फिल्म इसी तरह बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन जारी रखती है, तो यह भारतीय सिनेमा के लिए एक और बड़ा रिकॉर्ड साबित हो सकता है।

भारत में 1,015 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन

रामायण ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। रिलीज के 24वें दिन फिल्म ने भारत में 7,025 शोज के जरिए 14.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 1,015.20 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, इंडिया ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा 1,212.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

फिल्म को देश के साथ विदेशी बाजारों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। विदेशों में रामायण अब तक 602 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,814.55 करोड़ रुपये हो गया है।

हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाए

रिलीज के 24वें दिन फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। अलग-अलग भाषाओं में फिल्म की कमाई इस प्रकार रही:

  • हिंदी: 9.50 करोड़ रुपये
  • तमिल: 1.90 करोड़ रुपये
  • मलयालम: 1.60 करोड़ रुपये
  • कन्नड़: 1.40 करोड़ रुपये
  • तेलुगु: 25 लाख रुपये

इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को हिंदी भाषी दर्शकों से सबसे ज्यादा समर्थन मिल रहा है।

2,000 करोड़ रुपये है पहले पार्ट का बजट

बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाने के बावजूद फिल्म की सफलता को लेकर एक बड़ा सवाल भी है। फिल्म और ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि किसी फिल्म को हिट या फ्लॉप घोषित करने का फैसला उसके डिस्ट्रीब्यूटर शेयर के आधार पर किया जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने हाईकोर्ट में बताया है कि फिल्म 'रामायण' के पहले पार्ट का बजट करीब 2,000 करोड़ रुपये है। इस बजट के हिसाब से फिल्म को हिट होने के लिए हिंदी बाजार में कम से कम 1,100 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 2,800 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना होगा।

इस लिहाज से फिल्म का मौजूदा प्रदर्शन भले ही शानदार है, लेकिन इसे व्यावसायिक रूप से हिट घोषित करने के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है।

रणबीर कपूर बने राम, यश निभा रहे रावण का किरदार

फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आए हैं। वहीं, साई पल्लवी ने माता सीता और यश ने रावण का किरदार निभाया है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है, जबकि नमित मल्होत्रा इसके निर्माता हैं।

खास बात यह है कि सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर मौजूद दोनों फिल्मों के निर्देशक नितेश तिवारी हैं। 'दंगल' के बाद अब रामायण के जरिए उन्होंने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या रामायण दुनियाभर में 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली दंगल को पीछे छोड़ पाएगी या नहीं।