
कवर्धा : खेतों में दिन-रात पसीना बहाकर किसान ने जिस फसल को तैयार किया था, वह घर पहुंचने से पहले ही आग की भेंट चढ़ गई। ऐसा दर्दनाक हादसा कवर्धा थाना क्षेत्र के ग्राम बोधाईकुंडा में सामने आया है। यहां बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक किसान की महीनों की मेहनत पलभर में राख कर दी। खेत से धान भरकर घर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गई। इसके बाद अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते धान से भरी ट्रॉली आग के गोले में बदल गई।
घर पहुंचने से पहले ही राख हो गई पूरी फसल
जानकारी के अनुस्सर ग्राम बोधाईकुंडा निवासी किसान दीपचंद वर्मा अपने खेत से धान की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था। धान से भरी ट्रॉली जैसे ही तार के संपर्क में आई, अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप लिया कि किसान को कुछ समझने और फसल बचाने का मौका तक नहीं मिला।
कुछ ही मिनटों में खाक हो गई एक एकड़ की कमाई
ट्रॉली में करीब एक एकड़ खेत की धान की फसल रखी हुई थी। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उसकी सारी मेहनत पर आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में रखा पूरा धान जलकर राख हो गया। इतना ही नहीं, आग की चपेट में आकर ट्रॉली के चारों पहिए भी पूरी तरह जल गए।