
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। Royal Challengers Bangalore और Gujarat Titans के बीच खेले गए मैच पर अवैध सट्टा चलाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती कार में बैठकर अलग-अलग इलाकों में घूमते हुए मोबाइल के जरिए सट्टा ऑपरेट कर रहे थे, जिससे पकड़ में आना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक भिलाई के नेहरू नगर, सुपेला और पावर हाउस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार को रोका, जिसमें सवार दो आरोपी मौके से पकड़ लिए गए। पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य दो सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो बाहर बैठकर मैच से जुड़े लाइव अपडेट देकर सट्टा संचालित कर रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरा नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था। ग्राहक मोबाइल ऐप और व्हॉट्सऐप के माध्यम से जुड़ते थे, जहां दांव लगाया जाता और पूरा हिसाब-किताब भी वहीं रखा जाता था। जैसे ही पैसे ट्रांसफर होते, आरोपी तुरंत रकम को अलग-अलग बैंक खातों में शिफ्ट कर देते थे, ताकि ट्रैकिंग से बचा जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड सहित कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में लाखों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं। यह भी सामने आया है कि कई बैंक खातों का इस्तेमाल फर्जी तरीके से या अनजान लोगों के नाम पर किया जा रहा था, जिससे नेटवर्क का दायरा और बड़ा होने की आशंका है।
अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक छोटी कड़ी है और इस सट्टा नेटवर्क के तार अन्य शहरों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब डिजिटल ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।