रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन अपर संचालकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभिन्न संभागों में संचालित जनजातीय विकास योजनाओं की निगरानी और बेहतर क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है।

विभाग के अनुसार यह निर्णय विशेष केंद्रीय सहायता योजना, धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम-जनमन, वन अधिकार अधिनियम-2006, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, विभागीय छात्रावास एवं आश्रमों के संचालन समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसके साथ ही अनुसूचित क्षेत्रों में विकास कार्यों की मॉनिटरिंग को और मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।image-2026-06-11T152622.867

जारी आदेश के मुताबिक जितेंद्र कुमार गुप्ता को नवा रायपुर स्थित आयुक्त कार्यालय से बिलासपुर परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें सरगुजा संभाग की विभागीय योजनाओं के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं राधेश्याम भोई को जगदलपुर परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ करते हुए बस्तर संभाग की योजनाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर तारकेश्वर देवांगन को बिलासपुर से स्थानांतरित कर आयुक्त कार्यालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है।

विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को 15 जून 2026 तक अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जून 2026 का वेतन नवीन पदस्थापना वाले कार्यालय से ही आहरित किया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से जनजातीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।