बिलासपुर : सरकंडा के चांटीडीह में सड़क चौड़ीकरण का काम अब छात्रावास की जमीन को लेकर विवादों में घिर गया है। साइंस कॉलेज के सामने स्थित अनुसूचित जाति बालक और बालिका छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ने के साथ ही परिसर में जेसीबी से खुदाई शुरू होने पर छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है। नाराज विद्यार्थियों ने कलेक्टर से शिकायत की हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि जब सड़क चौड़ीकरण के लिए दूसरी तरफ जमीन उपलब्ध है, तो छात्रावास की आवंटित जमीन को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है? छात्रावास के लिए करीब 0.72 एकड़ जमीन आवंटित है। इस परिसर में छोटे बच्चे और छात्राएं निवास करते हैं। ऐसे में बाउंड्रीवाल तोड़ने और परिसर के भीतर खुदाई करने से उनकी सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है। विद्यार्थियों ने आशंका जताई है कि खुला परिसर होने से छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होगी और यहां रहने वाले बच्चों की परेशानी बढ़ेगी।

दूसरी तरफ पर्याप्त जमीन, फिर भी छात्रावास की जमीन पर कार्रवाई

विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत में जमीन की वास्तविक स्थिति पर कहा है कि सड़क निर्माण के लिए दूसरी तरफ पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, इसके बावजूद छात्रावास की जमीन को प्रभावित किया जा रहा है। प्रशासन को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रावास के नाम आवंटित जमीन की सीमा कहां तक है और सड़क चौड़ीकरण के लिए कितनी जमीन की जरूरत है।

सीमांकन के बिना निर्माण नहीं

छात्र-छात्राओं ने राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का सीमांकन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम से जांच कराए, ताकि आवंटित जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। विद्यार्थियों ने साफ कहा है कि जब तक सीमांकन और जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य रोका जाए।

साइंस कॉलेज से शनिचरी रपटा तक चल रहा चौड़ीकरण

दरअसल, चांटीडीह में साइंस कॉलेज के सामने से शनिचरी रपटा तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। राज्य शासन से स्वीकृति मिलने के बाद पहले नाली निर्माण कराया गया। इसके बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए रास्ते में आने वाले अवैध निर्माण और कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। इसी प्रक्रिया के तहत अनुसूचित जाति बालक और बालिका छात्रावास की बाउंड्रीवाल भी तोड़ी गई और परिसर में जेसीबी से खुदाई की गई।

प्रशासन के सामने सड़क और बच्चों की सुरक्षा, दोनों की चुनौती

अफसरों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और सड़क को चौड़ा करने के लिए यह काम कराया जा रहा है। दूसरी ओर छात्र-छात्राएं विकास कार्यों का विरोध करने के बजाय छात्रावास की जमीन और वहां रहने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।