
बिलासपुर : सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले चोरों के हौसले बुलंद हैं। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सारधा में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। परिवार के सदस्य घर पर ताला लगाकर बालको गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और आराम से घर का कोना-कोना खंगाल डाला। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने चोरी के दौरान घर के दूसरे कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि किसी की आवाजाही न हो सके।
परिवार के जाते ही घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार ग्राम सारधा निवासी दुलरुवा निर्मलकर के परिवार के सदस्य शनिवार को अपने बड़े बेटे के घर बालको गए हुए थे। घर सूना होने की जानकारी चोरों को पहले से थी या उन्होंने मौके का फायदा उठाया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने एक कमरे को निशाना बनाते हुए अलमारी और पेटी-बक्सों के ताले तोड़ डाले।
अलमारी से सोने का हार, बालियां और 50 तोला चांदी गायब
चोरों ने घर में रखे कीमती जेवरों पर हाथ साफ किया। चोरी गए सामान में करीब एक तोला सोने का रानी हार, दो तोला सोने की कान की बालियां, चांदी की पायल, बिछिया, चाबी छल्ला और बाजूबंद सहित करीब 50 तोला चांदी के जेवर शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोर ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए है।
तांबे के बर्तन छोड़ गए, गेट के सामने मिले चांदी के जेवर
वारदात में चोरों का तरीका भी चर्चा का विषय बना हुआ है। घर में कीमती सामान की तलाश में चोरों ने अलमारी और पेटी-बक्से खंगाल डाले, लेकिन तांबे के बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया। उन्हें दूसरे कमरे में ही छोड़ दिया। वहीं, अगली सुबह घर के मुख्य गेट के सामने कुछ चांदी के जेवर पड़े मिले।
घर लौटे तो टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान
बालको से लौटने पर परिवार के सदस्यों ने घर का मुख्य दरवाजा देखा तो ताला टूटा हुआ था। भीतर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा मिला और अलमारी व पेटी-बक्से खुले पड़े थे। घर की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम घर पहुंची थी। मौके पर घर के पास काफी मात्रा में चांदी के जेवर भी बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को चोरी गए सामान का सही मिलान कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया है, लेकिन फिलहाल परिवार की ओर से थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में चोरी गए सामान की वास्तविक सूची और कीमत की पुष्टि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही हो सकेगी।