रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपए से अधिक के शराब घोटाले में जांच एजेंसियों के हाथ  बड़ी  कामयाबी लगी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले का लंबे समय से फरार चल रहा मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल आखिरकार कानून के शिकंजे में फंस गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने तत्काल   कार्रवाई करते हुए उसे  हिरासत में ले लिया है। अब भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा उसे प्रत्यर्पण (Extradition) के जरिए वापस भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

शराब सिंडिकेट का सबसे बड़ा  मैनेजर
प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। ईडी की जांच के मुताबिक विकास अग्रवाल छत्तीसगढ़ के इस कथित शराब सिंडिकेट की सबसे बड़ी कड़ी था। उसकी भूमिका इस पूरे नेटवर्क में एक 'वित्तीय मैनेजर' की थी। सारा हिसाब-किताब उसी के पास रहता था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि राज्य की डिस्टिलरी (शराब निर्माता कंपनियों) से अवैध कमीशन वसूला जाता था। इसके साथ ही FL-10A लाइसेंसधारियों से भी मोटी रकम वसूली जाती थी। यह सारा काम विकास ही संभालता था। अवैध तरीके से वसूली गई इस रकम और काले धन को आगे पहुंचाया जाता था। इसे सिंडिकेट के मुख्य चेहरे अनवर ढेबर तक पहुंचाने का काम भी विकास का ही था। पैसों के लेन-देन की पूरी जानकारी उसी को थी। इसी कारण ईडी को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
घोटाला सामने आते ही देश छोड़कर भागा
छत्तीसगढ़ में 3,200 करोड़ रुपए का यह घोटाला काफी बड़ा है। जैसे ही इस घोटाले का पर्दाफाश हुआ, जांच एजेंसियों की दबिश शुरू हो गई। कानून का शिकंजा कसते देख विकास अग्रवाल देश छोड़कर फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार दुबई में छिपकर रह रहा था। शराब नेटवर्क की अंदरूनी जानकारी होने की वजह से ईडी की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। आखिर में जांच एजेंसियों को उसके दुबई में होने की पक्की भनक लगी। इसके बाद यूएई के अधिकारियों की मदद ली गई और उसे हिरासत में लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है 3200 करोड़ के नुकसान का ब्योरा
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच लगातार प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की जड़ तक पहुंचने में लगी हैं। इस मामले में जांच एजेंसियों की तरफ से एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। दर्ज किए गए पुलिस रिकॉर्ड में सरकारी खजाने को हुए भारी नुकसान का पूरा विवरण मौजूद है। यह आंकड़े काफी बड़े हैं। एफआईआर के अनुसार, इस पूरे शराब सिंडिकेट ने 3,200 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व नुकसान किया है। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर अवैध वसूली भी की गई है।

पूछताछ में कई चेहरे हो सकते हैं बेनकाब
इस मामले में अब जांच एजेंसियों को विकास अग्रवाल के भारत आने का इंतजार है। विकास के भारत आते ही जांच का दायरा बढ़ेगा। माना जा रहा है कि भारत लाए जाने के बाद ईडी उससे कड़ी पूछताछ करेगी। पैसों का लेन-देन किन-किन लोगों के बीच हुआ, इसका जवाब विकास से ही मिलेगा। ऐसे में उससे होने वाली पूछताछ में घोटाले से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। घोटाले में कई दिग्गज नामजद हैं। इस 3200 करोड़ के केस में प्रदेश के कई प्रभावशाली राजनेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा आबकारी विभाग के तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है। साथ ही कई बड़े शराब कारोबारियों के खिलाफ भी एफआईआर में नाम दर्ज है।