
कवर्धा। सावन माह की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने परिवार के साथ कबीरधाम जिले के विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ विशेष पूजन
मुख्यमंत्री ने मंदिर में भगवान भोरमदेव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान केरल से आए विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुख, समृद्धि, उत्तम वर्षा और जनकल्याण की प्रार्थना की।
CM साय का बड़ा ऐलान, कांवड़ियों पर होगी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल श्रद्धालुओं के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए की जा रही है। साथ ही सरकार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम करेगी।
'श्रद्धालुओं की आस्था हमारी प्राथमिकता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सावन का पावन पर्व शांति, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की।
भोरमदेव मंदिर की बताई ऐतिहासिक महत्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव मंदिर केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान प्रदेश की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।