
तिरुवनंतपुरम। केरल के नेदुमंगड इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। डेढ़ साल के मासूम अर्शीद की कथित तौर पर उसके सौतेले पिता ने बेरहमी से हत्या कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर 51 चोटों के निशान, निजी अंगों पर गंभीर जख्म और सिगरेट से जलाने के निशान मिलने के बाद मामला और भी भयावह हो गया।
पुलिस के अनुसार, 29 मई को बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में आरोपी ने दावा किया कि खाना खाते समय बच्चे का दम घुट गया था, लेकिन मेडिकल जांच ने इस दावे की पोल खोल दी।
पोस्टमार्टम में सामने आई क्रूरता की कहानी
जांच में पता चला कि बच्चे की मौत लगातार मारपीट से हुई अंदरूनी चोटों और रक्तस्राव के कारण हुई। उसके शरीर पर कई पुराने और नए जख्म मिले, जिससे लंबे समय से अत्याचार किए जाने की आशंका जताई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपनी जिंदगी में बाधा मानता था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह लंबे समय से बच्चे के साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना कर रहा था।
मां की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में बच्चे की मां को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने बच्चे के साथ मारपीट होते देखी थी, लेकिन उसने किसी तरह का विरोध नहीं किया और न ही इसकी जानकारी किसी को दी।
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने घर की सफाई कर सबूत मिटाने का प्रयास किया। जांच के दौरान कथित तौर पर मारपीट में इस्तेमाल की गई छड़ी और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
इलाके में आक्रोश, लोगों ने मांगी सख्त कार्रवाई
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर दिया है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।