छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में पिछले कई महीनों से दहशत का पर्याय बना अकेला हाथी एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान इस हाथी ने सूरजपुर जिले में दो लोगों को कुचलकर मार डाला। सोनगरा और बतरा क्षेत्र में हुई इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। स्थानीय स्तर पर कबरा के नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी के हमले में अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है।