
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गाँव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी धरमदास यादव (65 वर्ष) रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने पहुंचा था । दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कडकने लगी । बारिश से बचने के लिए धरमदास यादव खेत के पास छांव की ओर बढने लगे, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने किसान को खेत में गिरा देखकर तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद कोनी थाना पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा बिजली चमकने और गरजने के दौरान सुरक्षित स्थान पर ही रहें।