
रायपुर। नशे के कारोबार से कमाई गई काली कमाई पर अब कानून का शिकंजा और कसता नजर आ रहा है। रायपुर पुलिस ने ड्रग तस्करी के दोषी रूपिंदर सिंह उर्फ पिंदर उर्फ 'पाबलो' के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की है, जो नशे के कारोबारियों के लिए बड़ा संदेश मानी जा रही है। पुलिस ने आरोपी की करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है, जिसमें महिंद्रा थार और शेवरले क्रूज जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी की घोषित आय और उसके नाम पर मौजूद महंगी संपत्तियों के बीच बड़ा अंतर था। वित्तीय पड़ताल के दौरान आशंका गहराई कि ये वाहन नशे के अवैध कारोबार से कमाए गए पैसों से खरीदे गए हैं। इसके बाद पूरा मामला SAFEMA/NDPS एक्ट के तहत सक्षम प्राधिकारी के पास भेजा गया, जहां सुनवाई के बाद दोनों वाहनों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया।
अब आरोपी न तो इन गाड़ियों को बेच सकता है, न किसी और के नाम ट्रांसफर कर सकता है और न ही बिना अनुमति उनका इस्तेमाल कर सकता है। यदि आगे भी वैध आय का स्रोत साबित नहीं हुआ, तो ये संपत्तियां स्थायी रूप से जब्त कर ली जाएंगी।
रायपुर पुलिस का संदेश साफ है, नशे का कारोबार करने वालों पर सिर्फ गिरफ्तारी की मार नहीं पड़ेगी, बल्कि अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियां भी कानून के निशाने पर रहेंगी। यह कार्रवाई ड्रग नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।