धौलाना (हापुड़)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में ईद की नमाज के बाद मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धौलाना थाना क्षेत्र के शेखपुर खीचरा गांव में 200 रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी गुफरान ने ठेकेदार फिरोज के पास मजदूरी की थी। ईद की नमाज के बाद उसने अपने 200 रुपये बकाया मांगे, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बहस हिंसक झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ओर से जमकर मारपीट और पथराव हुआ। संघर्ष में एक पक्ष से नदीम, इसरार, जुल्फिकार, कय्यूम, गुफरान, नईम और हसीन घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से आबिद, मुंशेद, मोनिस, साबिर, मोनू, जुबेर और रिजवान के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कई घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ को हापुड़ रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। हालात पर काबू पाने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।