.jpeg)
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में मारपीट की एक घटना के बाद दो पक्षों के बीच शुरू हुई रंजिश ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। गोलबाजार इलाके में पहले दो युवकों ने एक युवक पर लोहे की पाइप और कांच की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां समझौते के लिए पहुंचे दूसरे पक्ष के युवकों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते अस्पताल परिसर में चाकूबाजी शुरू हो गई। इस दौरान पहले हमले के दोनों आरोपी चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
गोलबाजार में युवक पर लोहे की पाइप और बोतल से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे गोलबाजार मछली मार्केट निवासी यश भीमटे (23) अपने दोस्त चंदन यादव के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ईश्वर जाटव और तिलक जाटव ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने चंदन को रोककर गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट करने लगे।
इस दौरान दोस्त को बचाने के लिए यश भीमटे बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि ईश्वर और तिलक ने यश पर लोहे की पाइप और कांच की बोतल से हमला कर दिया। हमले में यश के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद घायल यश को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया।
अस्पताल परिसर में समझौते के बहाने पहुंचे युवक
गोलबाजार में हुई मारपीट की जानकारी मिलने के बाद यश के साथी भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। इसी बीच मामले को शांत कराने और आपसी समझौते के उद्देश्य से ईश्वर जाटव और तिलक जाटव को भी अस्पताल परिसर में बुलाया गया।
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी, लेकिन कुछ ही देर में माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि यश के पक्ष से अस्पताल पहुंचे कुछ युवकों ने बातचीत के दौरान ईश्वर और तिलक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जान बचाने अस्पताल के भीतर भागे घायल युवक
चाकू से हमला होने के बाद ईश्वर और तिलक अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल के भीतर भागे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल परिसर में हंगामा और मारपीट की स्थिति बनने पर अस्पताल चौकी में तैनात पुलिस जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और घायलों को संभाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई हिंसक घटनाओं से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। खास बात यह रही कि जिस अस्पताल में घायल युवक का इलाज चल रहा था, उसी परिसर में समझौते की बातचीत के दौरान चाकूबाजी की दूसरी घटना हो गई।
दो थानों में दर्ज हुए अलग-अलग मामले
घटना के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग कार्रवाई शुरू की है। यश भीमटे पर हुए हमले की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने ईश्वर जाटव और तिलक जाटव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में हुई चाकूबाजी के मामले में लालबाग पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चाकूबाजी की घटना में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं के पीछे की वजह, आपसी रंजिश और विवाद में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।