गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। बुधवार को रोड शो के दौरान स्वागत के लिए लगाई गई जेसीबी (बैकहो लोडर) की चपेट में आने से भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर चक्काजाम कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.28.27 AM

स्वागत की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से PDA रथ के जरिए देवकही गांव जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जेसीबी लगाई थी। इसी दौरान आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह वहां पहुंचा।

बताया गया कि आर्यवर्धन सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए एम्स पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10वीं का छात्र था।

कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता जुट गए। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया।

प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित लोगों ने अखिलेश यादव और रोड शो के आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक के पिता ओंकार सिंह ने कार्यक्रम में जेसीबी शामिल कराने वाले आयोजकों और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अखिलेश यादव और आयोजन समिति के सदस्यों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

परिवार ने झारखंडी गेट के पास सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग भी रखी। प्रशासन के आश्वासन के बाद रात करीब आठ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

मुख्यमंत्री योगी ने घोषित की 5 लाख की आर्थिक सहायता

घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। उनके निर्देश पर गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

रोड शो की व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल

अखिलेश यादव का गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए थे। स्वागत के लिए भारी मशीनरी का इस्तेमाल भी किया गया।

लेकिन इस हादसे ने राजनीतिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सड़क पर भारी मशीनरी खड़ी करने और उसका इस्तेमाल करने के दौरान आम लोगों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? फिलहाल पीड़ित परिवार की मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।