
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में रक्षाबंधन के दिन एक बड़ा बस हादसा होते-होते टल गया। कुल्लू-ब्यासर मार्ग पर बजउन के पास चलती HRTC बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस बेकाबू होकर खाई की तरफ बढ़ने लगी, लेकिन चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। बस पहाड़ी से जा टकराई और हादसा हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। चालक को गंभीर चोटें आई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अगर चालक समय रहते बस को पहाड़ी की ओर नहीं मोड़ता तो वाहन खाई में गिर सकता था और हादसा कहीं ज्यादा भयावह हो सकता था।
ब्यासर से कुल्लू लौट रही थी बस
जानकारी के अनुसार, HRTC की बस संख्या HP 66-1583 ब्यासर से कुल्लू की ओर लौट रही थी। कुल्लू से करीब 11 किलोमीटर दूर भेखली मार्ग पर बजउन के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि बस की क्षमता 47 यात्रियों की थी, जबकि हादसे के समय इसमें करीब 79 यात्री सवार थे। बस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। अचानक बस के नियंत्रण से बाहर होने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
खाई की ओर जा रही थी बस, चालक ने पहाड़ी से भिड़ा दी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस के ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की। सामने खाई की ओर जाने का खतरा देखकर उसने बस को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। बस पहाड़ी से टकराते ही रुक गई। टक्कर के कारण कई यात्री घायल हो गए, लेकिन चालक के इस फैसले से बस के खाई में गिरने की आशंका टल गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने भी चालक की सूझबूझ को बड़े नुकसान को रोकने वाला कदम बताया।
सुबह निकली थी बस, लौटते समय हुआ हादसा
बताया गया कि यही बस सुबह करीब 9:12 बजे कुल्लू से ब्यासर के लिए रवाना हुई थी। करीब 11 बजे ब्यासर से कुल्लू की ओर लौटते समय यह हादसा हुआ।बस को चालक प्रवीण कुमार-2 चला रहे थे, जबकि परिचालक की जिम्मेदारी प्रीतम सिंह संभाल रहे थे। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बस में सवार कई महिलाएं और अन्य यात्री भी घायल हुए हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर ब्रेक फेल होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति, ओवरलोडिंग और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
कुल्लू की पहाड़ी सड़क पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यात्री सुरक्षा और बसों की तकनीकी जांच पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक ने जिस तरह बस को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ी से टकराने का फैसला लिया, उससे संभावित रूप से जानमाल के बड़े नुकसान को टाला जा सका।