मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में आज सुबह भूकंपीय गतिविधि से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही घंटों के अंतराल में जिले के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। इनमें पहले झटके की तीव्रता 3.3 और दूसरे की तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।

सुबह 7:46 बजे आया पहला झटका
जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:46 बजे 3.3 तीव्रता का भूकंप रिकॉर्ड किया गया। इसकी गहराई जमीन के भीतर करीब 7 किलोमीटर बताई गई है। भूकंप का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गाधाला गांव के आसपास बताया गया। झटका महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने कंपन के साथ जमीन के नीचे से तेज गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई देने की भी बात कही।

कुछ घंटों बाद फिर हिली धरती
पहले कंपन के बाद लोग सामान्य होने की कोशिश कर ही रहे थे कि करीब दो घंटे बाद इलाके में 4.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। यह पहला झटका की तुलना में अधिक तेज था और इसका असर हिंगोली जिले के कई हिस्सों में महसूस होने की जानकारी सामने आई है। औंढा नागनाथ तहसील के पिंपलदरी और आसपास के गांवों के ग्रामीणों के मुताबिक, दूसरे भूकंप से कुछ देर पहले जमीन के भीतर से दोबारा तेज आवाजें सुनाई दी थीं।

पहले भी सुनाई दे चुकी हैं ऐसी आवाजें
स्थानीय स्तर पर भूकंपीय हलचल के साथ जमीन के नीचे से आवाजें आने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर को पांगरा शिंदे गांव के आसपास भी लोगों ने जमीन के भीतर से इसी तरह की आवाजें सुनने की बात कही थी। हिंगोली का यह इलाका पिछले कुछ वर्षों से समय-समय पर भूकंपीय गतिविधियों का अनुभव करता रहा है।

जुलाई में भी आए थे तेज झटके
इस साल जुलाई में भी क्षेत्र में भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। 9 जुलाई को 4.6 तीव्रता और 11 जुलाई को 3.5 तीव्रता का भूकंप आने की जानकारी है। उस दौरान कुछ मकानों में दरारें आने की बात भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही भूकंपीय गतिविधियों के कारण स्थानीय स्तर पर लोगों की चिंता बढ़ी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
भूकंप के बाद जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और घबराने के बजाय सावधानी बरतें। फिलहाल, जिले में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग भूकंपीय गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। किसी भी नए झटके या आपात स्थिति में लोगों से आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।