नई दिल्ली। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक और दमदार वेब सीरीज दस्तक देने जा रही है, जिसमें क्राइम, महत्वाकांक्षा और सत्ता के खेल का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। अभिनेता विजय वर्मा की अपकमिंग सीरीज ‘मटका किंग’ का आधिकारिक ऐलान उनके जन्मदिन के मौके पर किया गया, जिसने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।

इस सीरीज का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर नागराज पोपटराव मंजुले ने किया है, जो अपनी रियलिस्टिक और प्रभावशाली कहानी कहने के लिए जाने जाते हैं। ‘मटका किंग’ एक ऐसे दौर की कहानी को सामने लाती है, जहां सपनों की नगरी मुंबई में पहचान और ताकत हासिल करना आसान नहीं था।

कहानी 1960 के दशक के बदलते बॉम्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां विजय वर्मा ‘ब्रिज भट्टी’ के किरदार में नजर आएंगे। एक साधारण कॉटन ट्रेडर से लेकर सत्ता के खेल में बड़ा नाम बनने तक का उनका सफर इस सीरीज की मुख्य धुरी है। भीड़भाड़ वाले बाजार, चॉल संस्कृति और तेजी से बदलते सामाजिक समीकरणों के बीच यह कहानी एक ऐसे आइडिया से शुरू होती है, जो धीरे-धीरे एक बड़े नेटवर्क में बदल जाता है और समाज के हर वर्ग को अपनी गिरफ्त में ले लेता है।

सीरीज का फर्स्ट लुक पोस्टर भी काफी चर्चा में है, जिसमें विजय वर्मा का अंदाज उनके अब तक के किरदारों से अलग और ज्यादा इंटेंस नजर आता है। पोस्टर से साफ संकेत मिलता है कि यह किरदार सत्ता, जोखिम और महत्वाकांक्षा के खतरनाक संतुलन पर टिका होगा।

‘मटका किंग’ की स्टार कास्ट भी बेहद मजबूत है। विजय वर्मा के साथ कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो कहानी को और भी गहराई देंगे। इसके अलावा विनीत कुमार सिंह, गिरीश कुलकर्णी, जेमी लीवर, किशोर कदम और इश्तियाक खान सहित कई अनुभवी कलाकार इस सीरीज का हिस्सा हैं, जिससे इसकी परफॉर्मेंस वैल्यू और भी मजबूत हो जाती है।

यह वेब सीरीज प्राइम वीडियो की ओरिजिनल पेशकश है और इसे 17 अप्रैल से स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शकों को एक बार फिर मुंबई के अंडरबेली की अनकही कहानी देखने का मौका मिलेगा। क्राइम ड्रामा और पीरियड स्टोरीटेलिंग के शौकीनों के लिए ‘मटका किंग’ एक हाई-इंटेंस, कंटेंट-ड्रिवन सीरीज साबित हो सकती है, जो ओटीटी पर नया बेंचमार्क सेट करने की क्षमता रखती है। इससे पहले विजय वर्मा रोमांटिक ड्रामा गुस्ताख इश्क में नजर आए थे जो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। हालांकि, फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से काफी सराहा गया था। फिल्म को 7.2 IMDb रेटिंग मिली थी।