महासमुंद। छत्तीसगढ़ के Mahasamund जिले में स्कूल शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) विजय कुमार लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में परीक्षा प्रबंधन में लापरवाही, वित्तीय अनियमितताएं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर चूक सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। शासन ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत सस्पेंशन आदेश जारी किया है।

पूरा मामला उस विवाद से जुड़ा है, जिसमें कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्नपत्र में एक आपत्तिजनक प्रश्न सामने आया था। प्रश्न में कुत्ते के नाम के विकल्प में भगवान राम का नाम शामिल किए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और मामला तूल पकड़ गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि प्रश्नपत्र तैयार करने और वितरण की प्रक्रिया में आवश्यक सतर्कता नहीं बरती गई, जिसकी जवाबदेही जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर तय की गई। इसके अलावा, ऑडिट में वित्तीय गड़बड़ियां, न्यायालयीन मामलों में देरी और विभागीय निर्देशों की अनदेखी जैसे कई गंभीर बिंदु भी सामने आए।

निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और उनका मुख्यालय Raipur स्थित संभागीय कार्यालय निर्धारित किया गया है। वहीं, प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए बी.एल. देवांगन को जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस कार्रवाई को विभाग ने अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।Screenshot-2026-04-28-at-10-01-19-vijay-lahare.pdfScreenshot-2026-04-28-at-10-01-28-vijay-lahare.pdf