
बिलासपुर : सिरगिट्टी इलाके में दो वाहनों की मामूली टक्कर के बाद विवाद खड़ा हो गया। इलाज के लिए बिलासपुर पहुंची 65 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद महिंद्रा शोरूम के मैनेजर ने उनकी स्कॉर्पियो की चाबी अपने पास रख ली। महिला के अनुसार, उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कई घंटे तक शोरूम में बैठाए रखा गया। मामले की शिकायत के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अचानक ब्रेक लगाने से हुई टक्कर
गरियाबंद निवासी नूरजहां 4 सितंबर को अपनी बहू शमा आफरीन, बेटे मोहम्मद वसीम खान और चालक चंद्रशेखर देवांगन के साथ स्कॉर्पियो 04 क्यूई 8450 से बिलासपुर आई थीं। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया था। अस्पताल से लौटते समय जय दुर्गा चौक के पास आगे चल रही महिंद्रा ईवी कार 04 क्यूएस 9995 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिसके कारण पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उससे जा टकराई। दोनों वाहनों को मामूली नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
शोरूम ले जाने के बाद शुरू हुआ विवाद
हादसे के बाद ईवी में सवार लोग स्कॉर्पियो को महिंद्रा शोरूम के सामने ले गए। नूरजहां का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद शोरूम के मैनेजर राहुल घोषाल ने उनकी कार की चाबी ले ली। इसके बाद परिवार को करीब तीन से चार घंटे तक शोरूम में ही बैठाए रखा गया। महिला ने मैनेजर पर दुर्व्यवहार करने और अश्लील शब्दों का उपयोग करने का भी आरोप लगाया है। काफी देर तक मामला नहीं सुलझने पर बेटे मोहम्मद वसीम खान ने पुलिस की मदद लेने के लिए 112 पर फोन किया।
परिवार को थाने ले गई पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों को शोरूम से बाहर निकालकर थाने ले गई। इसके बाद महिला की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने शोरूम मैनेजर राहुल घोषाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 और 127(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दुर्घटना और उसके बाद हुए विवाद से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।