
बिलासपुर : न्यायधानी में 17 साल की एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई हैं। मां का आरोप है कि मोहल्ले के युवक ने पहले मैसेज कर बेटी को मिलने बुलाया, फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान बेटी ने फोन पर रोते हुए मां को अपनी आपबीती भी बताई थी। लेकिन कुछ घंटे बाद मां को बेटी की मौत की खबर मिली। युवक ने पहले अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की बात कही। इधर, बेटी का शव देखने के बाद मां ने युवक पर हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मैसेज कर मिलने बुलाया, फिर शुरू हुई मारपीट
मामला सकरी थाना क्षेत्र के घुरु का है। यहां रहने वाली मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने उसके मोबाइल पर मैसेज भेजकर मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण आरुषि उससे मिलने चली गई।
मां को फोन पर रोते हुए बताई आपबीती
मीना के अनुसार दोपहर में आरुषि का फोन आया था, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सकी। बाद में जब उन्होंने बेटी को फोन किया तो आरुषि रो रही थी। उसने बताया कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। वह घबराई हुई थी और ठीक से अपनी लोकेशन भी नहीं बता पा रही थी। मां को लगा कि दोनों के बीच विवाद हुआ होगा और मामला शांत हो जाएगा। इसी उम्मीद में वह दोबारा अपने काम में लग गई।
शाम को आरोपी के फोन ने बढ़ाई मां की चिंता
मीना के अनुसार, शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने उन्हें फोन किया। पहले उसने बताया कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद दोबारा कॉल कर कहा कि आरुषि ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स लाया गया है। इस खबर से परिवार के लोग घबरा गए। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से सूचना मिली कि आरुषि की मौत हो चुकी है।
शव पर चोट के निशान देख मां ने लगाया आरोप
बेटी का शव देखकर मां ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आरुषि के पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। मीना को आशंका है कि बेटी के साथ मारपीट कर उसकी जान ली गई और अब घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है। मां का साफ कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
मामले में सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं। नाबालिग के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।