
बिलासपुर : मुंगेली नाका स्थित स्विमिंग पूल कैंपस के अरोमा जूस सेंटर में सोमवार रात अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में जूस मशीन, डीप फ्रीजर, फर्नीचर और दुकान में रखा अन्य सामान पूरी तरह जल गया।
तीसरी बार आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। खास बात यह है कि अरोमा जूस सेंटर में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लग चुकी है। लगातार तीसरी बार आग लगने से आसपास के व्यापारियों में भी चिंता है।
हैवी उपकरणों से ओवरलोड की आशंका
आसपास के व्यापारियों के मुताबिक जूस सेंटर में जूस मशीन, डीप फ्रीजर सहित कई बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में बिजली लाइन पर ओवरलोड होने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि विद्युत व्यवस्था की जांच नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह की घटना हो सकती है।
आग देखने जुटी भीड़, सड़क पर लगा जाम
आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। भीड़ बढ़ने के कारण मुंगेली नाका रोड पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।