
बिलासपुर। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के 77वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 7 सीजी बटालियन द्वारा भव्य, प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया । इस कार्यक्रम में जागरूकता रैली, ब्लड डोनेशन कैम्प, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, और स्वास्थ्य जानकारी सत्र शामिल रहे। इस आयोजन ने न केवल युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना को मजबूत किया, बल्कि समाज में जागरूकता का एक बड़ा संकेत भी दिया।
26 संस्थाओं के 900 कैडेट्स की विशाल रैली
कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य जागरूकता रैली के साथ हुई। रैली के मुख्य अतिथि रजनेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। प्रातः 8:00 बजे आयोजित इस विशाल रैली में 900 की संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। इस रैली में 26 संस्थाओं ने भाग लिया था और कैडेट्स ने अलग-अलग थीमों के माध्यम से बैनर पोस्टर लेकर मार्च किया और जागरूकता का संदेश दिया।
रैली रिवर यू परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों जैसे मुख्य बाजार और चौक क्षेत्र से होते हुए सिम्स हॉस्पिटल तक पहुंची। कैडेट्स ने रचनात्मक स्लोगन लेकर "रक्तदान—एक जीवनदान" और "मानव सेवा ही राष्ट्र सेवा" जैसे संदेशों से नागरिकों को प्रेरित किया। रैली के दौरान नागरिकों ने तालियों और उत्साह के साथ कैडेट्स का स्वागत किया, जिससे वातावरण में सेवा और एकता की गूंज भर गई।
अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व का विद्यालय है NCC आयुक्त
सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमित कुमार, आयुक्त नगर निगम कमिश्नर बिलासपुर ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि, ।एनसीसी सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व का विद्यालय है। आज के कार्यक्रम में कैडेट्स ने जिस ऊर्जा, उत्साह और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। आयुक्त अमित कुमार ने आगे उल्लेख किया कि रक्तदान जागरूकता रैली से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, हर गतिविधि में कैडेट्स के भीतर छिपी प्रतिभा, साहस सेवा भावना साफ दिखाई देती है।




