बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में नहर में नहाने गए 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ घंटे बाद उसका शव नहर किनारे पानी में तैरता मिला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुलिस को युवक की मिर्गी की बीमारी होने की जानकारी दी है। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय अचानक दौरा पड़ने से वह पानी में डूब गया होगा।

जानकारी के अनुसार टेकारी निवासी जय किशन टंडन (34) रोज की तरह बुधवार सुबह गांव के पास स्थित नहर में नहाने के लिए गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर किनारे पानी में जय किशन का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

परिजनों ने दी मिर्गी के दौरे की जानकारी

सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि जय किशन को पहले से मिर्गी की बीमारी थी और करीब एक महीने पहले तक उसे दौरे पड़ते थे। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा होगा और वह खुद को संभाल नहीं सका, जिससे गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

मामला दर्ज कर जांच शुरू, अब पीएम रिपोर्ट का इंतज़ार  

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी के अनुसार अभी मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा।