कवर्धा/रायपुर।छत्तीसगढ़ के वीआईपी जिले कवर्धा से एक बेहद सनसनीखेज और सियासी गलियारों में हड़कंप मचा देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक कद्दावर कांग्रेस नेता को पुलिस ने दुष्कर्म जैसे गंभीर और शर्मनाक आरोपों में गिरफ्तार किया है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि आरोपी नेता चंद दिनों बाद ही दूल्हा बनकर सात फेरे लेने वाला था। घर में शहनाइयां गूंजने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन घोड़ी चढ़ने से पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा और अब उसे हवालात की हवा खानी पड़ रही है। कवर्धा जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को एक युवती के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने राजधानी रायपुर से गिरफ्तार किया है।

 

शादी का झूठा वादा और फिर धोखा

 

NJV को मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित युवती ने हिम्मत जुटाकर कवर्धा के महिला थाने का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में कांग्रेस नेता रवि चंद्रवंशी की करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया। युवती ने बताया कि आरोपी नेता ने पहले उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर जीवन भर साथ निभाने और शादी करने का झूठा झांसा दिया। युवती का सीधा आरोप है कि शादी का अटूट विश्वास दिलाकर रवि चंद्रवंशी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह मुकर गया।

 

एफआईआर दर्ज होते ही रायपुर भागा नेता

 

 

जब युवती को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है और आरोपी नेता किसी और से शादी रचाने की तैयारी में है, तो उसने कानून की शरण ली। मामले की गंभीरता और आरोपों को देखते हुए कवर्धा महिला थाना पुलिस ने बिना किसी देरी के आरोपी कांग्रेस नेता के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। इधर, अपने खिलाफ मामला दर्ज होने की भनक लगते ही रवि चंद्रवंशी कवर्धा से रफूचक्कर हो गया। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस की आंखों में धूल झोंककर राजधानी रायपुर भाग गया और वहां एक ठिकाने पर छिप गया।

 

साइबर सेल ने निकाली लोकेशन, दबिश देकर पकड़ा

 

कवर्धा पुलिस की टीमें लगातार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। इसी बीच साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को रवि चंद्रवंशी की सटीक लोकेशन रायपुर में मिल गई। बिना वक्त गंवाए कवर्धा पुलिस की एक विशेष टीम ने रायपुर में दबिश दी और भागने का कोई मौका दिए बिना आरोपी नेता को दबोच लिया। रायपुर से उसे गिरफ्तार कर वापस कवर्धा लाया गया है, जहां उससे सघन पूछताछ की जा रही है।

 

7 मई को होनी थी शादी, खुशियों पर फिरा पानी

 

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा और नाटकीय मोड़ आरोपी की शादी का है। मिली जानकारी के मुताबिक, रवि चंद्रवंशी की शादी आगामी 7 मई को तय थी। परिवार वाले शादी के कार्ड तक बांट चुके थे और घर में मंगल कार्य शुरू हो गए थे। लेकिन ऐन वक्त पर हुई इस गिरफ्तारी ने शादी वाले घर की खुशियों पर पानी फेर दिया है।

 

सियासी भूचाल और पार्टी की फजीहत

 

आरोपी रवि चंद्रवंशी के पास कवर्धा जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष का अहम पद था। इस करतूत के सामने आने के बाद कवर्धा की स्थानीय राजनीति में भी भूचाल आ गया है और कांग्रेस संगठन की भारी फजीहत हो रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।