
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई के बीच सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के डडईपानी जंगल में सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का डंप बरामद किया है। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से जंगलों में छिपाए गए नक्सली ठिकानों और जखीरे की तलाश में अभियान चला रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार खुफिया सूचना और सर्चिंग अभियान के आधार पर जंगल में संदिग्ध स्थानों की जांच की गई, जहां से नक्सलियों का डंप मिला है। बरामद सामग्री में प्रेशर कुकर आधारित आईईडी, एक अन्य कुकर आईईडी, भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल राउंड और विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने मौके से सभी सामान जब्त कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जंगल में ही निष्क्रिय कर नष्ट किया गया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के कारण छिपाए गए हथियार और विस्फोटक सामग्री सामने आ रही है। पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम इलाके में आगे भी अभियान जारी रखे हुए है।