नोएडा: नोएडा में संभावित श्रमिक प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेंट्रल नोएडा जोन के थाना फेस-2 क्षेत्र का दौरा कर औद्योगिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मदरसन कंपनी समेत कई औद्योगिक इकाइयों के आसपास की स्थिति का आकलन किया और तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा गया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, इंटेलिजेंस इनपुट और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को प्राथमिकता दी जाए।
प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संभावित प्रदर्शन के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आम जनता और औद्योगिक गतिविधियों पर कोई असर न पड़े।
