
इंदौर: मध्य प्रदेश के औद्योगिक हब पीथमपुर में स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में आज हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया है। तारपुरा क्षेत्र में हुए इस हादसे में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। आग पर काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है। फिलहाल, विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।




