Poco X8 Series Launch: पोको भारत में अपनी नई X8 सीरीज लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. कंपनी ने पुष्टि कर दी है कि Poco X8 5G और Poco X8 Power 5G को भारतीय बाजार में 4 सितंबर को पेश किया जाएगा. दोनों स्मार्टफोन दोपहर 12 बजे लॉन्च होंगे. कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट और टीजर वीडियो के जरिए फोन की कुछ खास जानकारियां भी शेयर की हैं. इनमें डिजाइन, बैटरी और चार्जिंग से जुड़ी डिटेल्स शामिल हैं. दोनों फोन की बिक्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Flipkart के जरिए होगी और इनके लिए माइक्रोसाइट भी लाइव हो चुकी है.

Poco X8 Power 5G में मिलेगा 6.83 इंच AMOLED डिस्प्ले
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Poco X8 Power 5G में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया जा सकता है. स्क्रीन में 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन ज्यादा स्मूथ नजर आ सकते हैं. परफॉर्मेंस के लिए फोन में Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट दिए जाने की चर्चा है. इसके साथ LPDDR5X RAM और UFS 4.0 स्टोरेज मिल सकता है. वहीं Poco X8 5G में Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर और 6.83 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है. इसकी स्क्रीन 3,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट कर सकती है. दोनों स्मार्टफोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ पेश किए जाने की संभावना है. सॉफ्टवेयर के मामले में चार एंड्रॉयड अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलने की भी चर्चा है.

कैमरे में मिल सकता है 50MP सेंसर
फोटोग्राफी के लिए Poco X8 Power 5G में OIS सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है. इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलने की उम्मीद है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है. दूसरी तरफ Poco X8 5G में 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिलने की बात सामने आई है. हालांकि, कैमरा स्पेसिफिकेशन्स की पूरी जानकारी लॉन्च के समय ही साफ होगी.

10,000mAh तक की बड़ी बैटरी
Poco X8 सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी बैटरी हो सकती है. Poco X8 5G में 9,000mAh बैटरी मिलने की बात कही गई है. कंपनी के अनुसार, यह फोन एक बार चार्ज करने पर करीब 3.2 दिन तक चल सकता है. इसमें 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है. वहीं Poco X8 Power 5G में 10,000mAh की बैटरी दी जाएगी. कंपनी का दावा है कि यह करीब 3.5 दिन तक का प्लेबैक टाइम दे सकती है. फोन में 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट मिलने की जानकारी दी गई है.

बायपास चार्जिंग का भी मिलेगा सपोर्ट
दोनों स्मार्टफोन में बायपास चार्जिंग, PPS चार्जिंग और स्मार्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. कंपनी दोनों मॉडल के लिए छह साल की बैटरी लाइफ रेटिंग भी दे रही है. टीजर में Poco X8 5G को ऑरेंज और व्हाइट कलर में डुअल रियर कैमरा सेटअप के साथ दिखाया गया है. वहीं X8 Power 5G येलो कलर और ब्लैक कैमरा मॉड्यूल के साथ नजर आया है.

4 सितंबर को होगा लॉन्च
Poco X8 5G और Poco X8 Power 5G भारत में 4 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे लॉन्च होंगे. दोनों फोन की बिक्री Flipkart के जरिए किए जाने की पुष्टि हो चुकी है. फिलहाल, कंपनी ने दोनों स्मार्टफोन की कीमत का खुलासा नहीं किया है. ऐसे में इनके भारतीय प्राइस और सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी लॉन्च इवेंट के दौरान ही सामने आएगी.