जांजगीर-चांपा : जिले के चांपा थाने में पुलिस हिरासत में 30 वर्षीय युवक शिव सहिस की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मेहंदीपारा निवासी शिव को बुधवार को शराब बिक्री के आरोप में पुलिस घर से पकड़कर थाने लाई थी। रात में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग थाने पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हिरासत में शिव के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और जान चली गई।

रात में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुँचने के बाद मौत

19

पुलिस के अनुसार बुधवार को एक ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने शिव सहिस को उसके घर से पकड़ा था। पुलिस का दावा है कि उसके कब्जे से करीब 20 लीटर देशी शराब मिली थी। इसके बाद उसे थाने लाकर रखा गया। रात करीब 10 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे तत्काल बीडीएम अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने कहा- पड़ा था मिर्गी का दौरा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि युवक के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों को मिलाकर यह उसका चौथा मामला था। पुलिस का कहना है कि उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया था। वहीं, परिजन पुलिस के इस दावे से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि हिरासत में हुई मारपीट के कारण शिव की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हुई। इसी आरोप को लेकर लोगों ने चांपा थाने का घेराव किया।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में कार्डिएक अरेस्ट

मामले में सामने आई शॉर्ट-टर्म पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया गया है। हालांकि हिरासत में मौत को लेकर हुए हंगामों के बीच पुलिस की कार्रवाई और युवक की मौत की परिस्थितियां जांच का विषय बनी हुई हैं।

मामले में एक आरक्षक निलंबित

घटना के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उधर, मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर निष्पक्ष जांच की मांग की है। तनाव को देखते हुए चांपा थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल युवक की मौत को लेकर पुलिस के दावे और परिजनों के आरोप आमने-सामने हैं।