
रायपुर: राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित एक होटल में क्रिकेट सट्टेबाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक होटल के कमरे में बैठकर IPL मैच पर दांव लगाते दिखाई दे रहे हैं, जहां टीवी पर Royal Challengers Bangalore और Mumbai Indians के बीच मुकाबला चल रहा है। कमरे में बिस्तर पर रखी 500 रुपये के नोटों की गड्डियां इस अवैध गतिविधि की गंभीरता को उजागर करती हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है, वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि सट्टा नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी होटल का कमरा बुक कर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहे थे और मोबाइल फोन व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर में सट्टेबाजी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे शहर धीरे-धीरे सटोरियों का केंद्र बनता जा रहा है। हाल ही में भी कई कार्रवाईयों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने साफ किया है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध सट्टा नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।




