
रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रमुख तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सीएम साय ने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। चौक की मौजूदा पहचान और नाम दोनों पहले की तरह ही रहेंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जाना है। इसे नाम परिवर्तन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
नाम नहीं, विकास का स्वरूप बदलेगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ की थीम पर विकसित करने की योजना है। इसी सूची में रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य चौक की पहचान बदलना नहीं, बल्कि उसे एक निर्धारित थीम और जनसेवा की भावना के अनुरूप विकसित करना है। तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा और उसके मौजूदा स्वरूप से जुड़ी मूल पहचान को बरकरार रखा जाएगा। इस बयान के बाद चौक के नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को लेकर आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इन आयोजनों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ा गया है। सरकार की ओर से विभिन्न जिलों में जनसेवा और विकास से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
Loading tweet...