
बिलासपुर : तारबाहर थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का एक धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है ।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों पर नजर रखी जा रही है । इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बंगला यार्ड पानी टंकी के पास एक युवक धारदार बटनदार चाकू लेकर खड़ा है । सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया । तलाशी लेने पर उसकी पेंट की जेब से एक स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ ।
आरोपी पर कई मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरमान खान (20), निवासी रविदास चौक के पास करबला, थाना कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई है । पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 293/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर पेश किया है ।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह ध्रुर्वे, आरक्षक महेंद्र सोनकर, आरक्षक राजेश श्रीवास और नुरूल कादिर का सराहनीय योगदान रहा ।