
रायपुर। गणेश विसर्जन के दौरान सदर बाजार से झांकी निकालने को लेकर सुरक्षा और परंपरा के बीच सहमति का रास्ता निकाला गया है। इलाके के जर्जर मकानों को देखते हुए पुलिस और SDRF ने इस मार्ग से झांकी नहीं निकालने की सलाह दी थी, लेकिन गणेशोत्सव समितियां अपने तय रास्ते से झांकी निकालने पर अड़ी रहीं। आखिरकार प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ झांकी निकालने की अनुमति दी है।
सबसे अहम शर्त यह है कि सदर बाजार और हलवाई लाइन से गुजरते समय DJ के साउंड सिस्टम में बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखना होगा। प्रशासन की चिंता है कि तेज ध्वनि से पैदा होने वाला कंपन पुराने और कमजोर भवनों के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में झांकी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन आयोजकों के लिए अनिवार्य रहेगा।
जर्जर मकानों के चलते सुरक्षा पर चिंता, बैठक में तय हुईं शर्तें
सदर बाजार और हलवाई लाइन के रास्ते में कई पुराने और जर्जर भवन मौजूद हैं। हाल ही में सदर बाजार में एक कमजोर मकान ढहने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी वजह से पुलिस और SDRF ने गणेशोत्सव समितियों को इस मार्ग से झांकी नहीं निकालने की समझाइश दी थी। बुधवार को तीनों जोन के DCP, SDRF और नगर निगम के अधिकारियों ने गणेशोत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें झांकी के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों के आसपास संभावित जोखिमों पर चर्चा हुई। इसके बाद सदर बाजार मार्ग से झांकी निकालने पर शर्तों के साथ सहमति बनी।
DJ का बेस और वाइब्रेशन मोड रहेगा बंद
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सदर बाजार और हलवाई लाइन से गुजरते समय DJ के साउंड सिस्टम का बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखना होगा। अधिकारियों की चिंता है कि साउंड सिस्टम से होने वाला कंपन जर्जर भवनों के लिए जोखिम बढ़ा सकता है। आयोजकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों और DJ का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य झांकी के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका को कम करना है।
झांकी में हथियार और धारदार वस्तुएं ले जाने पर रोक
बैठक में विसर्जन झांकी के लिए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। आयोजकों को निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने तथा रास्ते में अनावश्यक रूप से झांकी नहीं रोकने को कहा गया है।
इसके अलावा आयोजकों को इन नियमों का पालन करना होगा:
- झांकी में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करना।
- नशे का सेवन नहीं करना और किसी भी तरह के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखना।
- आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखना।
- पुलिस और यातायात व्यवस्था में तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना।
सदर-सत्ती बाजार के रहवासी पहले भी जता चुके हैं विरोध
सदर बाजार और सत्ती बाजार के स्थानीय निवासी पहले ही अपने क्षेत्र में DJ और धुमाल बजाने पर आपत्ति जता चुके हैं। रहवासियों ने पोस्टर लगाकर विरोध दर्ज कराया था और जर्जर भवनों के कारण इस मार्ग से झांकी नहीं निकालने की मांग भी की थी।
क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक भवन जर्जर के रूप में चिन्हांकित किए जा चुके हैं। ऐसे में विसर्जन झांकी के दौरान ध्वनि, कंपन और भीड़ को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं। प्रशासन की ओर से तय शर्तों का पालन अब झांकी के सुरक्षित संचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।