
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में एक स्थानीय राजनीतिक नेता की शादी की तैयारियां उस समय अचानक थम गईं, जब पुलिस ने उन्हें गंभीर आरोपों के चलते गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को उस वक्त हिरासत में लिया गया, जब वे अपनी शादी के निमंत्रण पत्र बांट रहे थे। इस कार्रवाई ने इलाके में हलचल मचा दी है।
पुलिस के अनुसार, पांडातराई क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया। शिकायत मिलते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना के बाद जहां एक ओर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, वहीं आरोपी के परिवार में भी माहौल बदल गया है। बताया जा रहा है कि 7 मई को प्रस्तावित शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन गिरफ्तारी के बाद सब कुछ ठहर गया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।