
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शराब दुकान के बाहर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां भीड़ के बीच हाथ टकराने की बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। निहारिका क्षेत्र में 11 अप्रैल की रात हुई इस घटना में लात-घूंसे और डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर भीड़ के दौरान शुरू हुई बहस अचानक उग्र हो गई। एक युवक ने मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी का डंडा छीनकर हमला कर दिया, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी पलटवार करते हुए उसे घेर लिया और जमकर पिटाई की। कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाले ऐसे वीडियो और अफवाहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




