
बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र के सत्यानगर अमेरी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले तीन लोगों को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, चांदी व कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और एसी समेत चोरी गया सामान बरामद किया गया है।
सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे शिक्षा विभाग मुंगेली में भृत्य के पद पर पदस्थ हैं। वह परिवार के साथ तिफरा स्थित मकान में रहते हैं और अमेरी स्थित पुराने मकान में भी आना-जाना करते हैं। 29 अगस्त की रात उन्होंने अमेरी वाले मकान में ताला लगाया और तिफरा चले गए थे। करीब 18 दिन बाद 16 सितंबर को जब वह वापस लौटे तो मकान के अंदर का सामान बिखरा मिला।
छत के रास्ते घुसे घर में, लगभग 42 हजार रुपये का सामान ले गए चोर
जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद कमरों और अलमारी का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास, प्लेट, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन वोल्टास एसी चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 42 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
मुखबिर की सूचना से खुला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सत्यानगर अमेरी निवासी अविनाश खांडे (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी का सामान अलग-अलग लोगों को बेचने की जानकारी भी दी।
तीन खरीदार चढ़े पुलिस के हत्थे
अविनाश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले सौरभ बंजारे, दीपेश गुप्ता और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।