
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटकांड मामले में पुलिस को जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित जंगल क्षेत्र से ज्वेलरी बॉक्स, जला हुआ बैग और अन्य सामान बरामद किया है, जिससे जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री बोदराटोला-तिलोरा क्षेत्र के जंगल से मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इसी इलाके में रुके हो सकते हैं। जांच एजेंसियां इस संभावना पर भी काम कर रही हैं कि आरोपियों ने पहचान छिपाने और सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से कुछ सामानों को आग के हवाले किया हो।
फोरेंसिक और तकनीकी टीमों द्वारा बरामद वस्तुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इन सामग्रियों से आरोपियों की गतिविधियों और उनकी आवाजाही से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
गौरतलब है कि 26 मई को कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया और व्यापारिक संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई जिलों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की थी। हालांकि घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि विभिन्न एंगल से जांच जारी है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण प्रगति सामने आ सकती है। उधर व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।