सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी में ड्यूटी के दौरान अस्पताल के भीतर कथित तौर पर शराब और चिकन पार्टी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने मामले को गंभीर मानते हुए फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।सवाल करने पर सभी एक-एक कर बाहर निकल गए।

ड्यूटी छोड़ अस्पताल के कमरे में चल रही थी पार्टी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि सामने रखी टेबल पर डिस्पोजेबल गिलास, कथित शराब की बोतलें, चिकन और सिगरेट का पैकेट नजर आ रहा है। वीडियो बनाए जाने का एहसास होते ही कमरे में मौजूद लोग वहां से निकलते दिखाई देते हैं।comp-1691784719395_1784734517.gif

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने प्रथम दृष्टया इसे सेवा अनुशासन का गंभीर उल्लंघन मानते हुए फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।टेबल पर शराब, चिकन और सिगरेट का डिब्बा दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों में नाराजगी, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस अस्पताल में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधियां बेहद गंभीर और गैर-जिम्मेदाराना हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।कर्मचारियों ने साथियों के साथ अस्पताल में शराब पार्टी की।

जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।