बिलासपुर : स्कूल के दिनों की मामूली कहासुनी और पुरानी खुन्नस किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती है, इसका सनसनीखेज मामला बिलासपुर में सामने आया है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहे छात्र को उसके ही पुराने सहपाठियों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया। हीरो शोरूम के पास से जबरन आई-20 कार में बैठाकर उसे कोनी घाट के नीचे ले जाया गया, जहां आरोपियों ने लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान कड़े से सिर पर ऐसा वार किया कि छात्र घायल हो गया। इस पूरी वारदात की वजह स्कूल के दिनों में टोपी खींचने को लेकर हुई शिकायत बताई जा रही है।

पुरानी शिकायत को लेकर मन में थी रंजिश

सीपत रोड, अरविंद मार्ग निवासी अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र है। इन दिनों वह अपने घर बिलासपुर आया हुआ था। अरिहंत की आरोपियों से पुरानी पहचान थी। तीनों पहले डीएवी स्कूल में उसके साथ पढ़ते थे। स्कूल के दिनों में आरोपियों ने उसकी टोपी खींच दी थी। इसकी शिकायत अरिहंत ने शिक्षकों से कर दी थी, जिसके बाद शिक्षकों ने आरोपियों को फटकार लगाई थी। इसी बात को लेकर उनके मन में लंबे समय से नाराजगी थी।

स्नैपचैट से संपर्क कर बुलाया, कार में बंद कर ले गए कोनी घाट

पुरानी रंजिश निकालने के लिए कृतिक मिश्रा ने स्नैपचैट के जरिए अरिहंत से संपर्क किया और उसे मिलने के लिए बुलाया। अरिहंत जब हीरो शोरूम के पास पहुंचा तो वहां कृतिक मिश्रा के साथ सिद्धी विनायक और आदित्य सरकार भी मौजूद थे। तीनों ने उसे घेर लिया और जबरन खींचकर आई-20 कार में बैठा लिया। इसके बाद कार के दरवाजे लॉक कर दिए, ताकि वह बाहर न निकल सके।

लात-घूंसों से पिटाई, कड़े से सिर पर किया वार

आरोपी कार से अरिहंत को कोनी घाट के नीचे ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसों से हमला करने के साथ ही एक आरोपी ने कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद पीड़ित किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की।

तीन नामजद आरोपियों पर अपराध दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने कृतिक मिश्रा, सिद्धी विनायक और आदित्य सरकार के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।