बिलासपुर : तोरवा पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को धारदार बटनदार चाकू के साथ पकड़ा है । दोनों के कब्जे से स्टील के दो बटनदार धारदार चाकू जब्त किए गए हैं ।

पुलिस के अनुसार, रविवार की रात गश्त के दौरान शंकर नगर, तोरवा के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ । पूछताछ में एक आरोपी की पहचान सुमीत कुर्मी(22 वर्ष), पिता विष्णु कुर्मी, निवासी शंकर नगर, बांबे आवास, तोरवा के रूप में हुई । वहीं दूसरा व्यक्ति विधि से संघर्षरत बालक पाया गया, जो हेमूनगर, तोरवा का निवासी है ।

पुलिस ने आरोपी सुमीत कुर्मी के खिलाफ अपराध क्रमांक 438/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया । वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के निर्धारित प्रावधानों के तहत सामाजिक एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया ।

तोरवा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी ।