
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित कफ सिरप की कथित तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालदा जिले में एक फ्लैट पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद, सोना और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि बरामद नकदी का संबंध कथित अवैध तस्करी नेटवर्क से हो सकता है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मालदा और दक्षिण दिनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। ऑपरेशन में स्पेशल ऑपरेशन टीम (SOT) ने भी सहयोग किया।छापेमारी मालदा थाना क्षेत्र के मंगलबाड़ी स्थित एक फ्लैट में की गई, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ।
पहले पकड़ी गई थी प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप
अधिकारियों के मुताबिक, यह छापेमारी दक्षिण दिनाजपुर जिले में पहले पकड़ी गई प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को मालदा स्थित फ्लैट की जानकारी मिली, जिसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
2.5 करोड़ कैश, सोना और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद, कुछ मात्रा में सोना कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर उसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जब्त सोने और अन्य सामग्री का वास्तविक मूल्यांकन कराया जा रहा है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि बरामद नकदी का संबंध प्रतिबंधित कफ सिरप के कथित अवैध कारोबार से हो सकता है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में किसी अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
फ्लैट मालिक और पैसों के स्रोत की जांच
- पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फ्लैट का वास्तविक मालिक कौन है।
- वहां कौन लोग रह रहे थे।
- बरामद नकदी का स्रोत क्या है।
- क्या इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं।
जांच के लिए डिजिटल डिवाइस और अन्य दस्तावेजों की भी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।