लखनऊ। लखनऊ के कल्ली पश्चिम इलाके में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस की कई टीमें हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई हैं। मामले की जांच लखनऊ से लेकर जौनपुर और वृंदावन तक फैले कारोबारी और निजी संबंधों के आधार पर की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, संदीप सिंह बुधवार सुबह वृंदावन कॉलोनी स्थित अपने घर से रायबरेली रोड के कल्ली पश्चिम स्थित कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीजीआई थाना पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को कुछ फुटेज में संदिग्ध शूटर दिखाई दिए हैं, लेकिन हमलावरों के चेहरे ढके होने और वाहन पर नंबर प्लेट नहीं होने के कारण उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।

जांच के दौरान पुलिस लेनदेन, जमीन कारोबार और पुराने विवादों के एंगल पर भी फोकस कर रही है। संदीप सिंह का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि डिजिटल साक्ष्यों से हत्या की साजिश और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल के पास किसान पथ होने के कारण बदमाशों के कई दिशाओं में भागने की संभावना है। यहां से कानपुर रोड, शहीद पथ, सीतापुर और रायबरेली की ओर आसानी से निकला जा सकता है। यही वजह है कि पुलिस के लिए हमलावरों का सटीक रूट ट्रेस करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।