दुर्ग : जिले में आगजनी की तीन अलग-अलग घटनाओं ने कुछ ही समय में हड़कंप मचा दिया। गिरधारीनगर में घर के भीतर रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई, अरसनारा गांव की एक फैक्ट्री की यूनिट आग की चपेट में आ गई, जबकि वायसेप ब्रिज पर ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। हालांकि, दमकल विभाग की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। खास बात यह रही कि गिरधारीनगर में फायरमैन ने जान जोखिम में डालकर जलते सिलेंडर की आग बुझाई और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

घर के अंदर जल रहा था सिलेंडर, फायरमैन ने टाला बड़ा हादसा

aag 3

पहली घटना दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधारीनगर की है। यहां एक घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर को आग की लपटों से घिरा देख घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायरमैन ने घर के भीतर पहुंचकर सिलेंडर में लगी आग बुझाई। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया गया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो सिलेंडर में विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो सकता था।

फैक्ट्री की यूनिट में भड़की आग, दमकल ने फैलने से रोका

aag 2

दूसरी घटना अरसनारा गांव की है, जहां स्थित एक फैक्ट्री की यूनिट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। आग को बुझाने के साथ ही उसे फैक्ट्री के दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और एक बड़ा नुकसान टल गया।

ब्रिज पर धू-धूकर जली ओला स्कूटी, बैटरी में शॉर्ट सर्किट बनी वजह

aag 1

तीसरी घटना वायसेप ब्रिज की है। यहां ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने बिना देर किए दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई।

तीन घटनाएं, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जिले में एक ही दिन अलग-अलग तीन स्थानों पर हुई आगजनी की घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घर में गैस सिलेंडर, फैक्ट्री की यूनिट और इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में लगी आग ने अलग-अलग तरह की चुनौतियां खड़ी कीं। राहत की बात यह रही कि तीनों ही मामलों में दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।