
अंबिकापुर : मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाइयों का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। सरगुजा में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने सुभाषनगर स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर प्रतिबंधित दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। दुकान से करीब 2 लाख रुपये कीमत की 207 नग नशीली कफ सिरप और 3600 प्रतिबंधित टैबलेट जब्त की गई हैं। कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहले ग्राहक बनकर पहुंचे, फिर खुली नशे के कारोबार की पोल
जानकारी के अनुसार सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर के सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 स्थित न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर से नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने पहले गोपनीय तरीके से दवाइयों की खरीदी कराई। इसके बाद जब अवैध बिक्री की पुष्टि हुई तो आबकारी विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर पर दबिश दे दी।
दुकान के पीछे बने कमरे में छिपा रखा था नशीली दवाइयों का जखीरा
टीम ने जब मेडिकल स्टोर की तलाशी ली तो दुकान के पीछे बने एक कमरे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। इनमें 132 नग मैग्नाटस-टी कफ सिरप, 75 नग एपकोर्स कफ सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट शामिल हैं। इस तरह कुल 207 नग कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त की गईं। जब्त दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
यूपी से दवाइयां लाने का खुलासा, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश समद्दार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित दवाइयां उत्तर प्रदेश से लाने की बात बताई है। अब विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि दवाइयों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
उड़नदस्ता टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक टी आर केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज और नगर सैनिक गणेश पांडे की अहम भूमिका रही। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित दवाइयों के कारोबार को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
.jpg)