
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमोटरों का नाम मामले से हटवाने के लिए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को हवाला के जरिए 180 करोड़ रुपए दिए गए थे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड अर्जी में यह बात सामने आई है। एजेंसी की शुरुआती जांच के अनुसार हिमांशु ने प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी को जांच अधिकारियों को मैनेज कर केस से नाम हटवाने का भरोसा दिया था। इस काम के लिए 65 लाख रुपए मासिक फीस तय की गई थी।
ईडी ने अपनी अर्जी में बताया है कि हिमांशु खुद को एजेंसी के अधिकारियों और न्यायपालिका में अच्छे संपर्क रखने वाला बताता था। उसका दावा था कि ईडी का तत्कालीन जांच अधिकारी उसके संपर्क में है। देश छोड़ने की आशंका के चलते जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर उसे दुबई जाते समय रोका गया और गिरफ्तार किया गया। अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। सोमवार रात 10:15 बजे उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां करीब ढाई घंटे की सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर सौंप दिया।
वकालत की पढ़ाई के बाद हिमांशु ने दिल्ली की एक कॉरपोरेट कंपनी में काम शुरू किया था, जो कानूनी सलाह देने के साथ वकील भी उपलब्ध कराती है। वर्ष 2023 में वह महादेव सट्टा से जुड़े लोगों के संपर्क में आया। उसने दुबई जाकर तीनों प्रमोटरों से मुलाकात की और उसी साल मामले के सिलसिले में पहली बार रायपुर भी आया। जांच एजेंसी के मुताबिक वह शुभम सोनी के लगातार संपर्क में था। विधानसभा चुनाव 2023 से पहले शुभम सोनी का वीडियो जारी होने और जांच एजेंसी को ई-मेल के जरिए दस्तावेज भेजने में भी हिमांशु की भूमिका की जांच की जा रही है। चुनाव से पहले रायपुर आकर उसने अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और न्यायपालिका से जुड़े लोगों से मुलाकात की थी। तेलीबांधा के एक होटल की पार्किंग से असीम दास की गिरफ्तारी के मामले में भी उसका नाम आया था। उस प्रकरण में असीम के वकील ने ईडी अधिकारी पर कार में पैसे रखने का आरोप लगाया था।
हिमांशु के जब्त मोबाइल फोन से ईडी को 'महादेव बुक' के प्रिव्यू वाला 473 एमबी का वीडियो और सौरभ चंद्राकर के तीन मोबाइल नंबर मिले हैं। जांच में पता चला है कि 3 अक्टूबर 2023 को उसने दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की थी। हिमांशु ने अपने बैंक खाते में वसीम से 25 लाख रुपए और प्रमोटरों से 40 लाख रुपए आने की बात स्वीकार की है, हालांकि उसने इस रकम को अपनी पेशेवर फीस बताया है।
इमिग्रेशन रिकॉर्ड के अनुसार हिमांशु 21 से 25 अक्टूबर और 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2023 तक दुबई में रहा। दूसरी यात्रा के दौरान वकील सुमित कोचर भी उसी दिन दुबई के लिए रवाना हुए थे। दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच हिमांशु ने नौ विदेश यात्राएं कीं, जिनमें से सात यात्राएं मार्च तक ही पूरी हो चुकी थीं। ईडी इन यात्राओं को सौरभ चंद्राकर के उस बयान से जोड़कर देख रही है, जिसमें इसी अवधि के दौरान किस्तों में रकम देने की बात कही गई थी।
वित्तीय जांच में हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के राजस्व में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का राजस्व 52.66 लाख रुपए था, जो 2023-24 में करीब 30 गुना बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। 31 मार्च 2025 तक इस कंपनी में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी ने 2025 में रेंज रोवर और थार खरीदने के लिए लोन भी लिया था। इसके अलावा अक्टूबर 2026 में हिमांशु के बैंक खातों में 22.50 लाख, 58.50 लाख और 14.40 लाख रुपए जमा होने के संदेश मिले हैं। 9 नवंबर को उसके खाते में 2.08 करोड़ रुपए जमा थे।
हिमांशु शेखर सीबीआई की जांच के दायरे में भी है। महादेव सट्टा मामले में सीबीआई उन शिकायतों की जांच कर रही है, जिनमें कुछ आरोपियों को राहत दिलाने और जांच की दिशा बदलने के लिए मोटी रकम लेने का आरोप जांच अधिकारियों पर लगा था। उसी पड़ताल में हिमांशु का नाम सामने आया था। फिलहाल ईडी इस रकम के स्रोत, हवाला नेटवर्क, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सट्टा एप से हिमांशु के संभावित संबंधों की जांचकर रही है।