
आर्थिक तंगी और सट्टे के घाटे से परेशान था बैटरी कारोबारी साजिद अली, पांच साल में खातों से हुआ था 70 लाख का लेनदेन
रायपुर। राजधानी के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने करीब सात महीने बाद जांच पूरी कर ली है। SIT की जांच में परिवार के मुखिया साजिद अली को ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया गया है। जांच के अनुसार, साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में जहर दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
17 जुलाई 2026 को संजय नगर स्थित एक घर से बैटरी कारोबारी साजिद अली, उसकी पत्नी, बेटे और दो बेटियों के शव मिले थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी, जिसे बाद में SIT को सौंप दिया गया।
SIT की जांच में आर्थिक तंगी को इन मौतों का मुख्य कारण बताया गया है। टीम ने साजिद के बैंक खातों और कारोबार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। इसमें पिछले पांच साल के भीतर उसके खातों से करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया। पुलिस के मुताबिक, साजिद गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। सट्टे में नुकसान होने के कारण उसने यह काम बंद कर दिया था। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कुछ लोग उधार दिए पैसे मांगने उसके घर आते थे।
पुलिस के अनुसार, साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। पहले वह ठेला लगाता था और बाद में बैटरी के काम से जुड़कर उसने अपनी दुकान खोली थी। जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था। वह करीब 15 साल से अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था। भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बहुत कम था।
वारदात से पहले की रात का घटनाक्रम भी पुलिस जांच में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 12:30 बजे साजिद ने अपने बेटे इरशाद को फोन किया और डांटते हुए तुरंत घर आने को कहा। इरशाद के घर पहुंचने के बाद परिवार ने साथ में मिठाई खाई। साजिद बाजार से रसगुल्ला और पेड़ा लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद साजिद के अलावा परिवार का कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला।